सड़क चौड़ीकरण में बाधा बने ट्रांसफार्मर व बिजली के पोल
संतकबीरनगर। लंबे इंतजार के बाद मेंहदावल-खलीलाबाद सड़क के चौड़ीकरण का काम शुरू हुआ है, लेकिन सड़क के किनारे लगे बिजली के पोल व ट्रांसफार्मर बाधा बन गए हैं। सड़क के निर्माण में रूकावट आ रही है। इससे कार्यदायी संस्था के अधिकारी परेशान हैं।
मेंहदावल-खलीलाबाद मार्ग के चौड़ीकरण की स्वीकृति मिली है। एनएचएआई इसका निर्माण करा रहा है। बरसात के समय में काम बंद हो गया था, लेकिन अब निर्माण कार्य शुरू कराया गया है। अभी इसकी शुरूआत है और सड़क को ऊंचा करने के लिए मिट्टी आदि डाली जा रही है। इस बीच सड़क के किनारे पड़ने वाले पोल व ट्रांसफार्मर के कारण कई स्थानों पर निर्माण कार्य में बाधा खड़ी हो रही है। पोल व ट्रांसफार्मर के चलते सड़क को ऊंचा करने में दिक्कत आ रही है। विभागीय सूत्रों ने बताया कि सड़क के किनारे करीब 128 विद्युत पोल व 15 ट्रांसफार्मर पहले से स्थापित हैं। इससे सड़क निर्माण करना मुश्किल हो गया है। वैैसे तो यह सड़क अंबेडकर नगर के न्यौरी तक बननी है, लेकिन आगे के कार्य में भी पोल व ट्रांसफार्मर के कारण परेशानी खड़ी हो सकती है। इस बीच कार्यदायी संस्था के अधिकारियों ने विद्युत निगम को पत्र भेजकर सड़क के किनारे लगे पोल व ट्रांसफार्मर को हटवाने का आग्रह किया है, ताकि बिना किसी बाधा के सड़क का निर्माण कार्य पूरा हो सके। इस संबंध में विद्युत निगम मेंहदावल के अधिशासी अभियंता सरोज कुमार ने कहा कि सड़क के किनारे खड़े विद्युत पोल व ट्रांसफार्मर को हटाने के लिए कार्यदायी संस्था को इस्टीमेट दिया गया है। जल्द ही इस दिशा में कदम उठाए जाएंगे।