सेमरियावां। जल जीवन मिशन के तहत ग्राम पंचायत नेतृत्व जल सेवा आंकलन के संचालन के लिए सेमरियावां ब्लाॅक के एडीओ पंचायत कार्यालय में 11 ग्राम पंचायत के प्रधान, सचिवों का एक दिवसीय प्रशिक्षण आयोजित किया गया।
इनमें ग्राम पंचायत बाघनगर, बड़ेला, बुढ़ाननगर, दानोकुइयां, दुधारा, जगदीशपुर उर्फ लहुरा देवा, करमा खान, महुआरी, पचदेउरी, सालेहपुर, उमिला शामिल हैं। प्रशिक्षक सहायक अभियंता अभिषेक पाण्डेय, जेई आनंद सिंह, डीपीएमयू सुरेंद्र यादव ने ग्राम सचिवों को पोर्टल पर डाटा अपडेट करना सिखाया।
उन्होंने कहाकि जल जीवन मिशन में सेवा वितरण और सामुदायिक स्वामित्व को मजबूत करने के लिए जल शक्ति मंत्रालय ने जल जीवन मिशन (जेजेएम) पोर्टल पर ग्राम पंचायत के नेतृत्व में संचालित डिजिटल पेयजल सेवा कार्यक्षमता मूल्यांकन उपकरण जल सेवा आंकलन ई-लॉन्च किया है। जल सेवा आंकलन ग्राम पंचायतों को अपनी जल आपूर्ति प्रणालियों का संरक्षक बनने का अधिकार देता है। इस दौरान एडीओ पंचायत राधेश्याम चौधरी, ग्राम सचिव योगेन्द्र कुमार गौड़, कुणाल सिंह, अनिल कुमार चौधरी, गुलाब चंद, प्रवेश कुमार सिंह, राहुल यादव, विमला यादव, रजनी सिंह, असदुल्लाह आदि मौजूद रहे।