सेमरियावां। ब्लाॅक सभागार में पंचायत सहायक, रोजगार सेवक, बैंक और कृषि सखी को फार्मर रजिस्ट्री करने के लिए प्रशिक्षण दिया गया। इस दौरान मोबाइल पर तीन एप डाउनलोड कराकर तकनीकी जानकारी दी गई। वहीं लोगों को जागरूक करने की हिदायत दी गई।
वरिष्ठ प्राविधिक सहायक और मास्टर ट्रेनर राम गोपाल मौर्य ने कहा कि क्षेत्र में सभी किसानों को इससे बेहद लाभ मिलेगा। भारत सरकार की योजना सभी राज्य में क्रियान्वित हैं। अधिक से अधिक फार्मर रजिस्ट्री पर जोर दें। आने वाले समय में फार्मर रजिस्ट्री से ही किसान की भूमि का डाटा आधार कार्ड से लिंक रहेगा। आगे बताया कि किसान आधार कार्ड, खतौनी और आधार से लिंक मोबाइल नंबर लेकर लेखपाल, सचिव, सीएससी से अपना फार्मर रजिस्ट्री का रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं। इसका मुख्य उद्देश्य किसान की भूमि का विवरण जोड़ना है।
एडीओ कृषि राकेश कुमार सोनी ने बताया कि आने वाले समय में बिना फार्मर रजिस्ट्री के सभी योजनाएं रुक जाएंगी। सभी योजनाएं इसी पर आधारित रहेंगी। किसान सम्मान निधि के लिए फार्मर रजिस्ट्री जरूरी है, नहीं तो आगे की किश्त रुक जाएगी। इस दौरान टीएसी संजय प्रजापति, शेषमणि वर्मा, रिजवानुलहक, अखिलेश कुमार आदि मौजूद रहे।