- राम जानकी मार्ग पर 16 किमी कार्य पूर्ण किए जाने का दावा
ग्रामीणों ने सड़क की मरम्मत कराने की मांग उच्च अधिकारी से की
संवाद न्यूज एजेंसी
धनघटा। राम जानकी मार्ग का चौड़ीकरण का कार्य चल रहा है। कार्यदाई संस्था 16 किमी निर्माण काया पूरा हो जाने का दावा कर रही है लेकिन मड़पौना से दूल्हापार के बीच सड़क की हालत दयनीय हो चुकी है। 24 घंटे से एक ट्रेलर सड़क के बीच गड्ढे में फंसा है। ट्रेलर के फंसने से आवागमन प्रभावित हो गया है। सड़क पर भारी वाहनों का गुजरना लगभग बंद हो चुका है।
राम जानकी मार्ग पर स्थित मड़पौना गांव के पास करीब 500 मीटर सड़क का निर्माण कार्य विवाद के चलते शुरू नहीं हो सका है। रविवार को सड़क पर बने गड्ढों में बारिश का पानी भरने व कीचड़ में ओवरलोड ट्रेलर का पहिया गड्ढों में फंस गया, जिससे सड़क पर आवागमन बाधित रहा।
ग्रामीण कुलदीप चौहान, रामदरश, फूलचन्द, सतकरन, श्यामकरन, राधेश्याम, रामफेर, राजेश आदि लोगो ने बताया कि सड़क पर ओवरलोड भारी वाहनों के आने-जाने से सड़क पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो चुका है। छोटे-बड़े वाहन गड्ढे से होकर बड़ी मुश्किल से निकल पाते हैं। कभी-कभी तो बड़े वाहन फंस जाते हैं। लोगों का कहना है कि राम जानकी मार्ग के निर्माण कार्य में सड़क खोदकर तोड़ दिया गया। उसके बाद निर्माण कार्य ठप कर दिया गया। जिससे सड़क गड्ढे में तब्दील हो गया है।
बारिश में अगर सड़क निर्माण कार्य पूर्ण नहीं होगा तो विगत वर्षों की भांति इस बार भी लोगों को मार्ग में आने-जाने में समस्याओं से जूझना पड़ेगा। ग्रामीणों ने बने गड्ढे को ठीक कराने की उच्च अधिकारी से मांग की है। रामजानकी मार्ग के चौड़ीकरण का कार्य जिले की सीमा रामपुर बारहकोनी से बसवारी गांव तक 35 किलोमीटर की लंबाई में चल रहा है। निर्माण कार्य रामपुर बारहकोनी से खाजो तक पूर्ण हो जाने का दावा कार्यदाई संस्था के लोग कर रहे हैं।
मडपौना गांव के पास करीब 500 मीटर सड़क का कार्य बाकी है तो परसा गांव के करीब एक किलोमीटर कार्य मुआवजे की मांग को लेकर किसानों ने रोक रखा है।
निर्माण कार्य कुछ स्थानों पर विवाद के कारण ठप है, उसे भी जल्द पूरा कर लिया जाएगा।
- अमित कुमार तिवारी, कंसलटेंट, एनएच बस्ती