- सावन के अंतिम सोमवार को सावन माह का समापन
संवाद न्यूज एजेंसी
हरिहरपुर। सावन के अंतिम सोमवार को जिले के विभिन्न शिवालयों में शिवलिंग पर जलाभिषेक करने के लिए श्रद्धालुओं भीड़ उमड़ पड़ी। ऐतिहासिक तामेश्वरनाथ धाम में बड़ी संख्या में पहुंचे शिवभक्तों ने शिवलिंग के जलाभिषेक करने के साथ एक माह से चल रहे सावन मेले का भी समापन हो गया।
भीड़ को संभालने के लिए पुलिस प्रशासन और मंदिर कमेटी के सदस्यों को मशक्कत करनी पड़ी। मंदिर परिसर के पोखरे के किनारे तक जलाभिषेक के लिए शिवभक्तों की लंबी कतार लगी रही। मेन गेट पर बैरिकेडिंग कर चार पहिया वाहनों के प्रवेश पर रोक लगा दी गई थी। दोपहर बाद तक शिव मंदिर में श्रद्धालुओं ने शिव का जलाभिषेक किया। इसी अलावा शिव मंदिरो सिद्धेश्वरनाथ, निबिअहवा पोखरा और बेल्डुहा पर भी सोमवार को शिवभक्तों ने शिवलिंग का जलाभिषेक किया। मंदिर की व्यवस्था में लगे प्रशासनिक अफसरों, पुलिसकर्मियों का मंदिर कमेटी के सदस्यों ने आभार जताया।
भंगेश्वरनाथ शिवमंदिर में जलाभिषेक
बखिरा। बिड़हरघाट स्थित सरयू नदी से जल भरकर सोमवार को कावड़ियों ने बाबा भंगेश्वरनाथ शिव मंदिर में जलाभिषेक किया। कावड़ियों ने 65 किमी लंबी यात्रा पूरी की।
मंटू, बिहारी, नीरज, रामलखन ने बताया कि रविवार की भोर में बिड़हरघाट स्थित सरजू नदी का पवित्र जल लेकर बखिरा स्थित भंगेश्वरनाथ मंदिर में जलाभिषेक के लिए 65 किमी पैदल चले। कावड़ियों के लिए तामेश्वरनाथ, समय माता मंदिर परिसर खलीलाबाद, बघौली व कोपिया में जलपान का इंतजाम श्रद्धालुओं ने किया था।