अवैध खनन करते पकड़ी गई ट्रैक्टर ट्राली व लोडर।
मेंहदावल। स्थानीय थाना क्षेत्र में अवैध मिट्टी खनन की सूचना मिलने के बाद मेंहदावल पुलिस व तहसील प्रशासन ने छापा मारकर एक ट्रैक्टर-ट्राॅली और लोडर मशीन पकड़ लिया।
दोनों को तत्काल प्रभाव से सीजकर रिपोर्ट अपर जिलाधिकारी को भेजी गई है। प्रशासन की इस कार्रवाई से खनन माफियाओं में हड़कंप मचा हुआ है।
मेंहदावल थाना क्षेत्र के खजुरा कला में बृहस्पतिवार की देर रात 12 बजे अवैध रूप से मिट्टी की खनन करने की सूचना प्रभारी निरीक्षक मेंहदावल सतीश कुमार सिंह को मिली।
उन्होंने नायब तहसीलदार प्रेम नारायण के साथ मौके पर छापा मारकर अवैध मिट्टी खनन में लिप्त लोडर मशीन और मिट्टी लदी एक ट्रैक्टर-ट्राॅली पकड़ लिया। दोनों को मेंहदावल थाने में लाकर सीज करते हुए अपर जिलाधिकारी के यहां रिपोर्ट भेजी गई है। मेंहदावल के नायब तहसीलदार प्रेम नारायण ने कहा कि अवैध मिट्टी खनन के खिलाफ लगातार प्रशासन कार्रवाई चल रही है।
जहां भी इस प्रकार के मामले सामने आएंगे, संबंधित पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। किसी भी दशा में अवैध मिट्टी खनन नहीं होने दिया जाएगा।