संतकबीरनगर। परिवहन निगम के उच्चाधिकारी गिरती विभागीय आय को देखते हुए सजग हो गए हैं। बस स्टेशन से एक किलोमीटर की परिधि में डग्गेमार वाहनों को सवारी भरते हुए पकड़े जाने पर कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए आगामी 9 अगस्त तक व्यापक अभियान चलाया जाएगा।
डग्गेमार वाहनों के वजह से परिवहन निगम की आय लगातार गिरती जा रही है। सड़कों पर चलने वाले डग्गेमार वाहन रोडवेज की बसों पर सवारियों को नहीं चढ़ने देते हैं। इसके वजह से ज्यादातर बसें खाली ही सफर पूरा करती हैं। सवारियों के बस में न बैठने के वजह से बस के तेल का खर्च बड़ी मुश्किल से निकल पाता है। विभाग की लगातार गिरती आय के वजह से अधिकारी भी सकते में हैं।
विभागीय जानकारों की मानें तो 29 जुलाई को प्रबंध निदेशक परिवहन निगम मुख्यालय ने वीडियो कांफ्रेंसिंग की बैठक के दौरान गिरती आय को देखकर गहरा रोष प्रकट किया। ऐसे में विभाग की आय को बढ़ाने के लिए परिवहन निगम के उच्चाधिकारियों ने अभियान चलाने का निर्णय लिया। दो से 9 अगस्त तक जांच अभियान चलाया जाएगा।
बस अड्डा प्रभारी टीएन दुबे बताया कि क्षेत्रीय प्रबंधक का आदेश मिला है। जिसके तहत डग्गेमार वाहनों को बस अड्डा से एक किलोमीटर की परिधि में खड़ा नहीं होने दिया जाएगा। पकड़े जाने पर कार्रवाई की जाएगी। संवाद