विधानसभा चुनाव के क्रम में 11 मार्च को होनी वाली मतगणना के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए डीएम रमाकांत पांडेय ने मजिस्ट्रेटों की तैनाती कर दी है। हीरालाल राम निवास स्नातकोत्तर महाविद्यालय खलीलाबाद में मतगणना के दौरान ये मजिस्ट्रेट प्रवेश द्वार पर मौजूद रहकर अपने दायित्वों का संपादन करेंगे।
जिलाधिकारी ने बताया कि मतगणना सुबह आठ बजे से शुरू होगी। मतगणना स्थल पर भीड़ आने की भी संभावना है। इसके मद्देनजर शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए तीन अधिकारियों को मजिस्ट्रेट के रूप में तैनात किया गया है। इसमें उपायुक्त वाणिज्य कर उदय प्रताप सिंह को महाविद्यालय के पूर्वी गेट पर तैनात किया गया है, जबकि मुख्य पशु चिकित्साधिकारी टीपी मिश्रा को पश्चिमी गेट पर तैनात किया गया है।
इसी प्रकार बंदोबस्त अधिकारी विक्रमादित्य वर्मा को महाविद्यालय परिसर के अंदर तैनात किया गया है। मतगणना के दिन सुबह छह बजे तक सभी अधिकारियों को प्रवेश द्वार पर पहुुंचकर शांति व्यवस्था बनाए रखने में योगदान देना होगा। उन्होंने बताया कि मतगणना के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। किसी प्रकार की गड़बड़ी करने वालों से सख्ती से निपटा जाएगा।