16 मार्च से शुरू होने वाली उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षा को लेकर जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय, पुलिस प्रशासन तथा संबधित केंद्रों ने तैयारी पूरी कर ली है। इस बार की बोर्ड परीक्षा में कुल 128 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। जिसमें से 15 परीक्षा केंद्र संवेदनशील घोषित हुए है। संवेदनशील केंद्रों की परीक्षा स्टेटिक मजिस्ट्रेट की निगरानी में कराई जाएगी।
जनपद में 128 परीक्षा केंद्रों पर हाईस्कूल के 37,140 इंटरमीडिएट के 29126 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। बोर्ड मुख्यालय ने 15 परीक्षा केंद्रों को संवेदनशील की श्रेणी में रखा है। इन परीक्षा केंद्रों पर स्टेटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती कर दी है। जो परीक्षा केंद्रों पर मौजूद रहकर परीक्षा को संपन्न कराएंगे। परीक्षा केंद्रों का उत्तरदायित्व भी इन्हीं अधिकारियों का होगा।
इसके साथ ही सचल दस्ता भी इन केंद्रों की निगरानी करेगा और लगातार निरीक्षण करेगा।
इसके अलावा केंद्र व्यवस्थापक अपने पास सिर्फ एक मोबाइल रखेंगे जो मल्टीमीडिया नहीं होगा। सादा सेट होगा। इसके अलावा केंद्र व्यवस्थापकों का नंबर सर्विलांस पर रहेगा। जिला विद्यालय निरीक्षक शिव कुमार ओझा ने बताया कि बोर्ड परीक्षा की तैयारी पूरी कर ली गई है। सभी केंद्रों पर प्रश्न पत्र पहुंचा दिए गए हैं। जनपद में चार सचल दस्ते बनाए गए हैं। नकल विहीन परीक्षा कराने के लिए पूरी कड़ाई की जाएगी। 15 अति संवेदनशील केंद्रों पर स्टेटिक मजिस्ट्रेट की निगरानी में परीक्षा कराई जाएगी। कही से कोई शिकायत मिलेगी तो तत्काल टीम वहां पर पहुंचेगी।