आरोपियों के पास से 19,450 रुपये नकद, सात मोबाइल फोन, 11 सिम कार्ड और बाइक बरामद
कोतवाली व एसओजी संयुक्त पुलिस टीम को मिली कामयाबी
संतकबीरनगर। कोतवाली खलीलाबाद पुलिस और एसओजी टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए तीन शातिर आरोपियों को गिरफ्तार कर लूट और चोरी की तीन वारदातों का खुलासा किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 19,450 रुपये नकद, सात मोबाइल फोन, चार साड़ियां, 11 सिम कार्ड, एक पर्स, आधार कार्ड और वारदात में शामिल मोटरसाइकिल बरामद की है।
एएसपी सुशील कुमार सिंह ने रिजर्व पुलिस लाइंस सभागार में रविवार को इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रभारी निरीक्षक जयप्रकाश दूबे और एसओजी प्रभारी रजनीश राय के नेतृत्व में गठित टीम ने 23 मई की रात डड़वा नहर पुलिया के पास घेराबंदी कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। जिनकी पहचान संजीव कुमार उर्फ संजू निषाद निवासी भेलवासी, थाना कोतवाली खलीलाबाद, मोहन निषाद, राहुल उर्फ मुनक्का निवासी जमुहरा बड़का टोला, थाना मेंहदावल के रूप में हुई।
पुलिस ने आरोपियों के पास से चोरी और लूट से संबंधित सामान बरामद किया। पूछताछ में आरोपियों ने कई वारदातों में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई पूर्ण करके जेल भिजवा दिया।
-
इन वारदातों का हुआ खुलासा
केेस-1 : खिड़की के रास्ते घर में घुसकर चोरी
पुलिस के अनुसार पहली वारदात 15 अप्रैल 2026 की रात की है। बाहिलपार गांव निवासी गोरख प्रसाद के घर में आरोपी खिड़की के रास्ते दाखिल हुए और एक बक्सा चोरी कर ले गए। बक्से में नकदी, साड़ियां, सोने के टप्स और चांदी की पायल रखी थी। घटना के बाद पीड़ित की तहरीर पर कोतवाली खलीलाबाद में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। पुलिस जांच में सामने आया कि इस वारदात को संजीव और राहुल ने अंजाम दिया था।
केस- 2 : ओवरब्रिज पर शिक्षक को रोककर लूट
दूसरी वारदात 19 मई की बताई जा रही है। जगदीशपुर उर्फ लहुरादेवा निवासी शिक्षक अमित कुमार त्रिपाठी को मड़या ओवरब्रिज के पास बाइक सवार तीन युवकों ने रोक लिया। आरोपियों ने पहले अमित के साथ मारपीट की और फिर उनका मोबाइल, पर्स, एटीएम कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस और आठ हजार रुपये नकद लूट लिए। इस मामले में पीड़ित की शिकायत पर कोतवाली खलीलाबाद में रिपोर्ट दर्ज की गई थी। पूछताछ में तीनों आरोपियों ने इस वारदात को अंजाम देने की बात कबूल की।
-
केस- 3: महिला से छीना मंगलसूत्र
तीसरी वारदात महुली थाना क्षेत्र के कोदवट गांव की है। 17 मई की शाम मोटरसाइकिल सवार बदमाशों ने महिला पुष्पा देवी का मंगलसूत्र छीन लिया था। घटना से इलाके में दहशत फैल गई थी। महिला की शिकायत पर महुली थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने इस वारदात को भी स्वीकार कर लिया।
नेपाल बॉर्डर पर बेचने ले जा रहे थे चोरी के मोबाइल
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उनके पास से बरामद सात एंड्रॉयड मोबाइल अलग-अलग क्षेत्रों से चोरी किए गए थे। वे इनको बेचने सिद्धार्थनगर और नेपाल बॉर्डर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया। आरोपियों ने बताया कि लूट और चोरी से मिले पैसों को तीनों आपस में बांट लेते थे। पुलिस अब उनसे अन्य वारदातों के संबंध में पूछताछ कर रही है।
-
मुख्य आरोपी पर पहले से दर्ज हैं कई मामले
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी संजीव कुमार उर्फ संजू निषाद का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। उसके खिलाफ संतकबीरनगर, बस्ती और गोरखपुर जिलों में चोरी, धोखाधड़ी, आईटी एक्ट और आर्म्स एक्ट समेत कई मामले दर्ज हैं।