संतकबीरनगर। बखिरा थाना क्षेत्र में सोशल मीडिया पर देवी-देवताओं के संबंध में आपत्तिजनक पोस्ट करना एक युवक को भारी पड़ गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार ग्राम काटामान सिंह निवासी अभिजीत ने 20 मई को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर हिंदू देवी-देवताओं के संबंध में आपत्तिजनक पोस्ट साझा की। पोस्ट वायरल होने के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई और कानून-व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका बढ़ गई।
मामले को गंभीरता से लेते हुए थाना बखिरा पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की। आरोपी अभिजीत को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। उपजिलाधिकारी मेंहदावल की अदालत ने मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजने का आदेश दिया।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि सोशल मीडिया का इस्तेमाल जिम्मेदारी के साथ करें और किसी भी धर्म, या समुदाय की भावनाओं को आहत करने वाली पोस्ट साझा न करें।