शहर के मड़या मोहल्ले में चोरी के बाद बिखरा सामान।
संतकबीरनगर। खलीलाबाद शहर के मड़या मोहल्ले में रविवार की देर रात अज्ञात चोरों ने तीन बंद घरों में धावा बोल दिया। इसमें से दो घर में कुछ हाथ नहीं लगा। जबकि चोरों ने तीसरे घर से 40 हजार नकद और सोने-चांदी के जेवरात चुरा लिए। एक पीड़ित ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार मड़या माेहल्ला निवासी फैज अहमद तीन से चार दिन पूर्व अपने पूरे परिवार के साथ किसी काम से लखनऊ गए थे। रविवार को देर रात अज्ञात चोर उनके घर का ताला तोड़कर उसके अंदर घुस गए।
घर में बक्से का ताला तोड़कर कीमती समान खोजने लगे, लेकिन वहां उन्हें कपड़ों के अलावा कुछ नहीं मिला। इसके बाद चोर उसी मोहल्ले के रहने वाले शमसुद्दीन के नए मकान में घूस गए। वहां भी उन्हें कुछ नहीं मिला।
इसके बाद उक्त चोर तीसरे घर में घूस गए। मकान मालिक इंद्रशेन सिंह पूरे परिवार के साथ अपने गांव दुल्हीपार गए थे। चोर घर के कमरे में रखा लगभग 40 हजार रुपये नकद व सोने की चेन, मंगलसूत्र, अंगूठी समेत अन्य कीमती सामान चुरा कर चंपत हो गए। जब सामने वाले घर के वाले लोगों ने इंद्रशेन के गेट का ताला टूटा देख शोर मचाया तो चोर उनपर हमला कर भाग गए। सूचना मिलते ही इंद्रशेन भी मौके पर पहुंचे। कोतवाल सतीश कुमार सिंह ने बताया कि मामले में एक लोगों से तहरीर मिली है। घटना की जांच पड़ताल की जा रही है।