- जिला अस्पताल का हाल : बरामदे, गलियारे और सीढ़ी पर बैठकर इलाज कराने को मजबूर
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। जिला अस्पताल में मरीजों के साथ आने वाले तीमारदारों के बैठने के लिए पर्याप्त व्यवस्था नहीं है। तीमारदार बरामदे और गलियों में नीचे बैठकर मरीजों का इलाज कराने को मजबूर है, जबकि अस्पताल प्रशासन की माने तो गर्मी की वजह से मरीजों की भीड़ अधिक है। जिसकी वजह से समस्या उत्पन्न हो रही है।
मंगलवार को जिला अस्पताल की ओपीडी में 1200 के करीब मरीज इलाज के लिए आए। उनके साथ ज्यादातर तीमारदार भी थे। अस्पताल की ओपीडी में जगह न होने के चलते मरीज के तीमारदार जमीन पर बैठकर मरीज का इंतजार करते देखे गए। इधर तेज धूप की वजह और भीषण गर्मी के चलते अस्पताल में मरीज व उनके तीमारदार परेशान रहे। वहीं कुछ मरीज ब्लड जांच के लिए सैंपल भी दिए थे वह अभी बरामदे में जमीन पर बैठकर रिपोर्ट का इंतजार करते देखे गए। तीमारदार महुली खास निवासी संदीप ने बताया कि उनके भाई को बुखार है। वह दिखाने आए थे। लाइन लगी है जिसकी वजह से वह इंतजार कर रहे और नीचे बैठे हुए। इसी तरह से ब्लड जांच कराने आई मालती भी बरामदे में बैठकर अपनी रिपोर्ट का इंतजार करती देखी गई। हालांकि अस्पताल प्रशासन कुर्सियां लगवाई हैं लेकिन वह पर्याप्त नहीं है।
सीएमएस डॉ. भवनाथ पांडेय ने बताया कि ओपीडी और पैथोलॉजी में मरीज व तीमारदारों के बैठने के लिए बेंच व कुर्सी लगी है। इधर गर्मी की वजह से मरीजों की संख्या बढ़ गई है। जिसकी वजह से समस्या आ रही है। फिर भी पूरा इंतजाम करने का प्रयास किया जा रहा है।