एक ही रात दो गांवों में चोरी, तीसरे गांव में कोशिश
बघौली। बखिरा क्षेत्र के दो गांवों में शनिवार की रात चोरी हो गई। जबकि, तीसरे गांव में महिला की नींद टूट जाने से असफल रहे और भाग गए। राविवार को सूचना पर पहुंची पुलिस मामले की जांच की।
करैली गांव निवासी अमित के घर के पीछे लगी ग्रिल को तोड़कर शनिवार की रात चोर अंदर घुस गए। पीड़ित ने बताया कि उसके घर से करीब डेढ़ लाख रुपये के जेवरात चोर उठा ले गए। इसी तरह पड़री गांव निवासी पूर्व प्रधान रामनरेश के घर चोरी हो गई। पीड़ित रामनरेश ने बताया कि रात में तीन कमरों का ताला तोड़कर चोर जेवरात और 15,000 रुपये उठा ले गए। उसी रात समदहा गांव निवासी पिंटू उर्फ जयप्रकाश मिश्र के घर चोरी का प्रयास किया। चोर लकड़ी का जंगला तोड़ चुके थे, लेकिन पिंटू की मां सुशीला देवी की नींद खुल गई। पूर्व प्रधान एसके मिश्र ने बताया कि चोर सरिया छोड़कर चले गए थे। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच की। बखिरा चौकी प्रभारी हरेंद्र पाठक ने बताया कि मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। संवाद