संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। बेलहरकला थाना क्षेत्र के निजी अस्पताल में प्रसूता की मौत के मामले में पुलिस ने तहरीर मिलने के बाद मालिक समेत छह के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। स्वास्थ्य विभाग ने अस्पताल को दो दिन पूर्व सील कर दिया था। अब मामले में आरोपितों के खिलाफ गिरफ्तारी की तलवार लटक रही है।
बस्ती के वाल्टरगंज थाना क्षेत्र स्थित जिनवा गांव निवासी हरिराम की बेटी सुनैना की शादी कटया गांव निवासी प्रदीप से हुई थी। छह फरवरी को प्रसव पीड़ा के बाद सुनैना को लोहरसन अस्पताल लेकर गए। जहां सुविधा का अभाव बताकर आशाकर्मी मीना बेलहर स्थित एसएस अस्पताल फोन करके निजी गाड़ी से वहां ले गई।
अस्पताल में मौजूद डॉक्टर व स्टाफ ने ऑपरेशन की बात कहकर भर्ती कर लिया। रात लगभग 1:44 बजे ऑपरेशन के लिए ले गए। आरोप है कि ऑपरेशन लापरवाही पूर्वक किए जाने से अधिक रक्तस्राव होने से सुनैना की मौत हो गई। अस्पताल के मालिक आकाश राय व अनुज यादव व उनके वहां उपस्थित लककुश अग्रहरि, सतीश राय ने उन लोगों के साथ अभद्रता करते हुए शव जल्दी से जल्दी अस्पताल से ले जाने का दबाव बनाया।
कुशल डॉक्टर के ऑपरेशन न करने से उनकी बेटी सुनैना की मौत हो गई। इस मामले में आकाश राय, अनुज यादव, नीलम गौतम, लवकुश अग्रहरि, मनोज कुमार राय उर्फ सतीश राय आरोपित हैं। इन लोगों पर जानमाल की धमकी देने का भी आरोप है। एसओ अनिल कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर छह आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। घटना में संलिप्त आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।