संतकबीरनगर। अमृत भारत रेलवे स्टेशन योजना के तहत खलीलाबाद रेलवे स्टेशन को आधुनिक सुविधाओं से लैस किया जा रहा है। रेलवे स्टेशन पर वाटर एटीएम मशीन, सोलर लाइट, मल्टीपर्पस हाल के साथ ही अन्य यात्री सुविधाओं के लिए कार्य हो रहा है।
इससे रेलवे स्टेशन का लुक बदल रहा है। इस पर करीब 10 करोड़ रुपये खर्च आएगा। आने वाले दिनों में यात्रियों को अन्य तमाम सुविधाएं भी मिलनी शुरू हो जाएंगी। वर्तमान में खलीलाबाद स्टेशन पर मल्टीपर्पस हाल बनकर तैयार है, जबकि स्टेशन परिसर को रोशन करने के लिए लाइटिंग का काम चल रहा है। इसके तहत झूमर लाइटें लगाई जा रही हैं। स्वच्छ पेयजल के प्लेटफार्म एक पर दो वाटर एटीएम लगा दिए गए हैं।
यात्रियों के बैठने के लिए आधुनिक डिजाइन में यात्री शेड बनाए गए हैं। साथ ही प्लेटफार्म नंबर दो का विस्तार किया जा रहा है। रेलवे स्टेशन को आदर्श बनाने की मुहिम के तहत यात्रियों को ओवरब्रिज से होकर आने-जाने के लिए लिफ्ट बनाई गई है।
सुरक्षा के लिए पूरे परिसर को सीसीटीवी कैमरे से लैस किया गया है। स्टेशन परिसर में साफ-सफाई व्यवस्था को चाक-चौबंद कर दिया गया है। जगह-जगह कूड़ा पात्र रखवाए गए हैं। इसके साथ ही प्लेटफाॅर्म का उच्चीकरण भी कराया गया है। स्टेशन पर हाईमास्ट लाइट लगाने के लिए भी फाउंडेशन तैयार कराया गया है। जल्द ही हाई लाइटें भी लग जाएंगी।