मगहर। मोहल्ला इस्लामनगर में बृहस्पतिवार की देर शाम आयोजित दीनी तालीमी बेदारी कॉन्फ्रेंस एवं पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया गया।
इसमें मुख्य अतिथि जामिया अरबिया हथौड़ा, बांदा से आए मुफ्ती मो. शादात कासमी ने कहा कि दीनी तालीम के बिना कौम की तरक्की अधूरी है। इस्लाम में इल्म हासिल करना हर इंसान पर फर्ज किया गया है और मकतबे दीनियात बच्चों को दीन की बुनियादी शिक्षा से जोड़ने का सबसे प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि शिक्षा के अभाव में बच्चों और समाज का भविष्य अंधकारमय हो जाता है। दीनी तालीमी बोर्ड द्वारा संचालित मकतबे दीनियात के माध्यम से आज हजारों बच्चे दीन की तालीम हासिल कर रहे हैं।
उन्होंने बच्चों को दीनी शिक्षा प्रदान करने वाले उलेमा-ए-कराम के प्रयासों की सराहना करते हुए उनका आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम के दौरान वार्षिक परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ हाफिज व कारी सईदुर्रहमान द्वारा कुरआन पाक की तिलावत से हुआ। इसके बाद कन्नौज से आए प्रसिद्ध नातख्वां मुफ्ती तारिक जमील साहब ने अपनी दिलकश आवाज में नात-ए-पाक पेश कर समा बांध दिया।
कार्यक्रम में हाफिज कारी मो. अकरम, चेयरमैन प्रतिनिधि नूरुज्जमा अंसारी, सभासद रईस आलम, अब्दुल कलाम, मो. असअद, अहमद अली, ग्राम प्रधान मोहम्मद असजद, हाफिज हकीमुल्लाह, हाफिज ओबैदुर्रहमान, आबिद अली, मोहम्मद खालिक, हाफिज अब्दुल्लाह आदि लोग उपस्थित रहे।