संतकबीरनगर। काेतवाली खलीलाबाद क्षेत्र के मगहर में युवती की संदिग्ध स्थितियों में मौत हो गई थी। युवती का बुधवार को देर शाम पोस्टमार्टम कराया गया। चिकित्सकों के पैनल ने वीडियोग्राफी के बीच शव का पोस्टमार्टम किया। रिपोर्ट स्पष्ट न होने के वजह से मौत का राज नहीं खुला। जिसके बाद जांच के लिए बिसरा प्रिजर्व कर दिया गया है।
मगहर कस्बा के अंजान शहीद मोहल्ला निवासी इरम 19 वर्ष पुत्री मोहम्मद आलम उर्फ बबलू की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई थी। जिसकी सूचना के बाद सीओ, कोतवाल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचकर घटना की जांच पड़ताल किया। फॉरेंसिंक टीम की मदद से पुलिस ने साक्ष्य संकलन का काम पूरा करके शव को अपने कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई पूरी करके पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जहां पर बुधवार की देर शाम को चिकित्सकों के पैनल व वीडियोग्राफी के बीच शव का पोस्टमार्टम पुलिस ने कराया। पोस्टमार्टम के दौरान चिकित्सक की टीम मौत के रहस्य से पर्दा नहीं उठा सका और मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया। जिसकी वजह से जांच के लिए बिसरा प्रिजर्व कर दिया गया। बिसरा जांच रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा।
कोतवाल पंकज कुमार पांडेय ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का वजह पता नहीं चल पाई है और बिसरा प्रिजर्व कर दिया गया है। इसको जांच के लिए विधि विज्ञान प्रयोगशाला भेजा जाएगा। बिसरा जांच रिपोर्ट आने के बाद की मौत का कारण स्पष्ट हो पाएगा। मामले में अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर उसकी जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।