मेंहदावल। नगर पंचायत क्षेत्र के कांटी वार्ड में स्थित टेडुवा मोहल्ले में सरकारी भूमि से कब्जा अभी तक प्रशासन नहीं हटवा पाया है। पैमाइश न हो पाने के कारण नगर पंचायत की अति महत्वपूर्ण परियोजना अधर में लटकी हुई है। जबकि नगर पंचायत प्रशासन ने उक्त सरकारी भूमि पर विवाह घर निर्माण का टेंडर कर रखा है।
मेंहदावल नगर पंचायत क्षेत्र के टेडुवा मोहल्ले में सरकारी भूमि गाटा संख्या 85 नवीन परती के रूप में राजस्व अभिलेख में दर्ज है। उक्त सरकारी भूमि पर समाजवादी पार्टी के नेता तथा संतकबीरनगर जनपद के पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष संतोष यादव तथा उनके भाई का कब्जा बताया जा रहा है। पहले यह भूमि कस्बे के ही एक मुस्लिम परिवार के नाम था कुछ वर्ष पूर्व जिला पंचायत के पूर्व अध्यक्ष सपा नेता संतोष यादव तथा उनके भाई विनोद यादव ने उक्त भूमि की रजिस्ट्री अपने नाम से करा रखी है।
यह मामला तब उजागर हुआ जब वार्ड के सभासद शक्ति मणि त्रिपाठी ने राजस्व अभिलेख में गाटा संख्या 85 नवीन परती के रूप में दर्ज देखकर नगर पंचायत प्रशासन को उक्त भूमि पर विवाह घर निर्माण का प्रस्ताव दिया।
सभासद के प्रस्ताव पर नगर पंचायत बोर्ड ने अमल करते हुए एस्टीमेट बनवाने के साथ ही टेंडर की प्रकिया पूर्ण करा दी। नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी ने उपजिला अधिकारी को पत्र लिखकर भूमि के पैमाइश का अनुरोध किया।
एसडीएम के निर्देश पर लेखपाल ने जब मौके पर पहुंचे तो भूमि पर अवैध निर्माण के कारण पैमाइश न हो पाने और अवैध अतिक्रमण की रिपोर्ट प्रस्तुत की। हल्का लेखपाल के रिपोर्ट के 12 दिन बाद भी सरकारी भूमि से अवैध अतिक्रमण न हट पाना प्रशासनिक अधिकारियों के कार्यशैली पर सवाल खड़ा कर रहा है। अधिकारियों की लापरवाही के कारण नगर पंचायत की महत्वपूर्ण परियोजना विवाह घर का निर्माण भी अधर में लटका हुआ है। जिससे नगर पंचायत के वार्ड का विकास अवरूद्ध हो रहा है।