मेंहदावल। विकास खंड के विभिन्न ग्राम पंचायत में बनाए गए पंचायत भवन बंद पड़े हैं। अक्सर ताला लटकने के कारण लोगों को प्रमाण पत्र जारी कराने के लिए ब्लॉक तक की दौड़ लगानी पड़ रही है। इससे महत्वाकांक्षी योजना की सफलता प्रभावित हो रही है। निर्माण के बाद से ही ज्यादातर ग्राम पंचायत में पंचायत भवन बंद पड़े हुए हैं। इससे समस्या हो रही है। स्थानीय लोग इस समस्या से नाराज हो रहे है। लोगों ने पंचायत भवनों के नियमित संचालन की मांग की है।
मेंहदावल विकास खंड के जब्बार गांव में तीन वर्ष पूर्व पंचायत भवन का निर्माण कराया गया था। यहां पंचायत सहायक की नियुक्ति भी है। दिनेश पटेल, रमेश, मोहन पटेल, राकेश यादव आदि ग्रामीणों ने बताया कि पंचायत भवन अक्सर बंद रहता है। पंचायत भवन नहीं खुलने के कारण लोगों को प्रमाण पत्र आदि के लिए ब्लॉक तक की दौड़ लगानी पड़ती है। शिकायत के बाद भी पंचायत भवन नहीं खुल रहे हैं। इसी प्रकार कुसौना कला गांव में भी पंचायत भवन का निर्माण हुआ है। लेकिन यहां भी पंचायत भवन बंद पड़ा हुआ है। ग्रामीण रामनयन यादव, पिंटू आदि लोगों ने बताया कि पंचायत सहायक के लापरवाही के कारण पंचायत भवन का ताला नहीं खुल रहा है। जिससे जन्म प्रमाण पत्र, परिवार रजिस्टर की नकल आदि के लिए काफी समस्या हो रही है। लोगों ने समस्या निस्तारण की मांग की है। खंड विकास अधिकारी मेंहदावल राजेश श्रीवास्तव ने कहा कि पंचायत भवन नियमित खोलने के निर्देश हैं। अगर कहीं भी इस प्रकार की लापरवाही सामने आई तो संबंधित पर कार्रवाई होगी।