मेंहदावल। बाराखाल स्थित राजकीय महाविद्यालय के सामने और मां दुर्गा मंदिर के समीप तीन नगर पंचायतों की ओर से किए जा रहे कूड़ा डंपिंग को हटाने को लेकर बुधवार को नगर पंचायत ने अभियान शुरू किया। जेसीबी मशीन लगाकर सड़क के आसपास जमा व फैले कूड़े को हटवाया गया।
मंगलवार को ग्रामीणों ने तीन नगर पंचायतों मेंहदावल, बखिरा और धर्मसिंहवा का कूड़ा राजकीय महाविद्यालय बाराखाल के सामने फेंके जाने का विरोध करते हुए प्रदर्शन किया था। ग्रामीणों का कहना था कि राजकीय महाविद्यालय में पढ़ने वाले सैकड़ों छात्र-छात्राओं, मां दुर्गा मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं को दुर्गंध व गंदगी के कारण भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। साथ ही सड़क से गुजरने वालों व आसपास रहने वालों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने चेतावनी दी थी कि यदि सड़क के किनारे डंपिंग बंद नहीं हुई तो बड़ा जन आंदोलन किया जाएगा। लोगों का कहना है कि केवल कूड़ा हटाना पर्याप्त नहीं है। तीनों नगर पंचायतों द्वारा स्थाई डंपिंग स्थल में कूड़ा गिराया जाए, जिससे भविष्य में दोबारा इस स्थान पर कचरा न डंप किया जाए।