थ्संतकबीरनगर। बेलहरकला क्षेत्र के बरगदवा खुर्द गांव निवासी सूर्यकांत के मौत का खुलासा पुलिस के लिए गले की फांस बनता जा रहा है। ग्रामीणों के आक्रोश के बाद पुलिस टीमों ने अपना जांच तेज कर दिया है। वहीं दूसरी तरफ पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद विसरा जांच के लिए जाने की वजह से घटना में संलिप्त आरोपियों के खिलाफ सबूत जुटाना पुलिस के लिए काफी टेढ़ा हो गया है। पुलिस को न्यायालय का भी अलग से डर सता रहा है। बरगदवा खुर्द गांव निवासी सूर्यकांत तीन दिसंबर को घर से निकला और वापस नहीं आया। अगले दिन चार दिसंबर को उनका शव गांव की सीवान स्थित गेंहू के खेत में पाया गया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में विसरा प्रिजर्व होने के बाद पुलिस ने उसे जांच के लिए प्रयोगशाला भिजवाया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट न हो पाने के वजह से पुलिस की जांच टीम को सही दिशा नही मिल पा रहा है। जांच टीम हर एंगल पर बारीकी से मुआयना कर रही है। मृतक के पिता की तहरीर पर पुलिस मामले गांव के ही सात आरोपी के खिलाफ केस दर्ज किया था।
वहीं घटना के एक सप्ताह बाद मामले में किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी न होने से ग्रामीण आक्रोशित हो गए। ग्रामीणों के आक्रोश को देखते हुए पुलिस टीम ने जांच तेज कर दी है। बुधवार को एसओजी टीम भी थाने पर पहुंचकर जांच की।