संतकबीरनगर। वाहन फिटनेस की फर्जी रसीद देकर रकम हड़प लेने का मामला प्रकाश में आया है। कोतवाली पुलिस ने रिपोर्ट दर्जकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।
तहरीर में पीड़ित विजय कुमार निवासी बंजरिया पूर्वी खलीलाबाद ने बताया कि विपक्षी संतोष निवासी ग्राम शिवापार थाना बखिरा से पूर्व परिचित हैं। एआरटीओ ऑफिस से गाड़ियों का पेपर संबंधी कार्य कराते हैं।
उन्होंने 25 अगस्त 2025 को अपनी गाड़ी का फिटनेस बनवाने के लिए संतोष को 5,000 रुपये ऑनलाइन भुगतान किया। संतोष ने जरिये व्हाट्सएप उन्हें दोनों गाड़ियों की रसीद भेज दी। संतोष के कहने पर उसने भिन्न-भिन्न तिथियों में 20,199 रुपये ऑनलाइन भुगतान किया। उन्होंने संतोष से गाड़ी का पेपर मांगा तो वह हीला-हवाली करते हुए दो रसीद व्हाट्सएप पर भेजी। उसे एआरटीओ कार्यालय जाकर चेक कराया तो पता चला कि व्हाट्सएप पर भेजी गई रसीद फर्जी हैं।
11 सितंबर को संतोष के मोबाइल पर फोन करके पैसा मांगा तो उसने गाली देते हुए दोबारा पैसा मांगने पर जान से मारने की धमकी दी। कोतवाल पंकज कुमार पांडेय ने बताया कि आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्जकर ली गई है।