संतकबीरनगर। सीएचसी और पीएचसी के साथ जिला अस्पतालों में तैनात डॉक्टर एक दिन में कितने मरीजों को उपचार दे रहे हैं। इसकी सूचना प्रतिदिन सीएमओ कार्यालय को देनी होगी। एक दिन में 50 से कम मरीज देखने वाले डॉक्टरों को चिन्हित कर उनसे जवाब मांगा जाएगा। अस्पताल से मरीज यदि बिना उपचार के लौटते हैं तो संबंधित चिकित्सा अधीक्षक की जवाबदेही तय की जाएगी।
सीएमओ डॉ. रामानुज कन्नौजिया ने कहा कि शासन की मंशा है कि सरकारी अस्पतालों में आने वाले मरीजों को बेहतर उपचार दिया जाए। समय से मरीजों को उपचार मिले इससे कि उनकी बीमारी को प्राथमिक अवस्था में ही समाप्त किया जा सके। इसे देखते हुए निदेशक चिकित्सा एवं स्वास्थ्य ने कड़े निर्देश दिए हैं। निदेशक ने कहा है कि प्रत्येक डॉक्टर कम से कम 50 मरीजों को प्रतिदिन उपचार दें।
इसके लिए मुख्य चिकित्साधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि सरकारी अस्पतालों पर डॉक्टर कितने मरीजों को उपचार दे रहे हैं, इसकी प्रतिदिन की रिपोर्ट सीएमओ कार्यालय को उपलब्ध हो इससे कि डॉक्टरों के कार्य की जानकारी जुटाई जा सके। निर्देश दिए गए हैं कि 50 से कम मरीज देखने वाले डॉक्टरों को चिह्नित कर उनसे जवाब मांगा जाए।
शासनादेश के तहत सभी चिकित्सक समय से अस्पताल में पहुंचकर मरीजों को उपचार दें। विभाग की ओर से जांच भी कराई जा रही है। उच्चाधिकारियों के निर्देश हैं कि प्रत्येक डॉक्टर कम से कम 50 मरीज देखे। लापरवाही पाए जाने पर कार्रवाई की जाएगी।