संतकबीरनगर। खलीलाबाद कोतवाली थाना क्षेत्र के कांटे में मंगलवार को विवाहिता गाजा बाजा के साथ ससुराल में रहने आ गई। ससुरालियों के विरोध करने पर वह कांटे मुंडेरवा मार्ग पर धरना दे दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस उसे समझा-बुझाकर चौकी पर लाई और दोनों पक्षों को आपस में बैठाकर मामले को हल कराने में जुट गई।
जानकारी के अनुसार कोतवाली क्षेत्र के चकपिहानी गांव निवासी छोटेलाल के बेटी वंदना की शादी वर्ष 2015 में ग्राम काटगंगा निवासी राधेश्याम उर्फ अनिल के साथ हुआ था। दोनों से एक बेटा भी पैदा हुआ। शादी के कुछ समय बाद दोनों के बीच आपसी मनमुटाव के बाद मामला कोर्ट में चला गया। वंदना के पिता छोटेलाल की मानें तो घरेलू हिंसा के मामले में कोर्ट ने ससुराल में रहने व खर्चा के रूप में 6200 रुपये प्रतिमाह खर्चा देने का आदेश दिया। वंदना ने बताया कि पति राधेश्याम उर्फ अनिल ने दूसरी शादी कर लिया है।
मंगलवार को दिन में वंदना अपने बच्चे और मायके वालों के साथ गाजा बाजा के साथ ससुराल में रहने पहुंच गई। ससुरालियों ने उसे घर में घुसने नहीं दिया। इसके बाद वहां पर आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई और हंगामा होने लगा। सूचना मिलने पर कांटे चौकी पुलिस पहुंची और महिला को समझा-बुझाकर आवागमन चालू कराया और फिर दोनों पक्षों को चौकी पर ले आकर समझाने बुझाने में जुट गई।