संतकबीरनगर। शहर में हो रही लगातार चोरी की वारदात पुलिस के लिए सिरदर्द बन गई हैं। पुलिस पुरानी चोरी का खुलासा भी नहीं कर पाती है कि दूसरी वारदात हो जाती है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पुलिस की टीमें वारदात का खुलासा करने में लगी हैं।
दो दिन पूर्व दिनदहाड़े एक महिला ने गोला बाजार स्थित सराफा की दुकान से हार चुरा लिया। उसी दिन महराजगंज से शादी में शामिल होने जा रही महिला को चार पहिया वाहन चालक ने बैग से नकदी और जेवरात उड़ा दिए। पुलिस ने दोनों मामले में केस दर्ज करके सीसीटीवी की मदद से आरोपियों की पहचान करने का काम शुरू किया।
इससे पहले 11 नवंबर को गांधी नगर मोहल्ला निवासी सुनील कुमार अग्रहरी के घर में चैनल का ताला तोड़कर घुसे चोर लगभग पौने तीन लाख चुरा लिए थे। जाते समय कमरे के बाहर कुंडी लगा गए थे। दिसंबर में बंजरिया मोहल्ला में पूर्व रेलकर्मी के घर को खंगाल लिया था। इन सब मामलों में पुलिस के हाथ अभी तक खाली हैं।
चोरी की वारदात का खुलासा करने में पुलिस की टीम लगी हुई है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाला जा रहा है। जल्द ही चोरों को पकड़ लिया जाएगा।
- ब्रजेंद्र कुमार सिंह, सीओ सिटी