जिला अस्पताल में मरीज को परामर्श देते चिकित्सक।
संतकबीरनगर। तेज धूप और बढ़ते तापमान की वजह से लोग बीमार पड़ रहे हैं। मौसम में बदलाव की वजह से लोग संक्रामक रोगों की चपेट में आ रहे हैं। जिला अस्पताल की ओपीडी में प्रतिदिन लगभग 1,100 के करीब पर्चे बन रहे हैं। बृहस्पतिवार को ओपीडी में 900 मरीज पहुंचे। इनमें से 150 लोग बुखार और खांसी से परेशान थे जबकि 25 मरीज डायरिया से पीड़ित मिले। डायरिया पीड़ितों में बच्चे और बड़े सभी शामिल हैं।
ओपीडी में पहुंचने वाले अधिकांश मरीज बुखार और खांसी से पीड़ित निकले। इसके अलावा कुछ लोगों को पेट में दर्द या संक्रमण की भी शिकायत थी। चिकित्सक डॉ. कुमार सिद्धार्थ ने बताया कि मौसम में बदलाव की वजह से लोग बीमार पड़ रहे हैं। तेज धूप में से आकर ठंडा पानी पीने से गले में खराश और खांसी की शिकायत हो रही है। बताया कि जो लोग एसी में रहते हैं और अचानक निकलकर बाहर धूप में चले जा रहे हैं, वह वायरल बुखार की चपेट में आ रहे हैं। बासी खाना खाने की वजह से लोग डायरिया की चपेट में आ रहे हैं। बाल रोग चिकित्सक डॉ. सुनील कुमार ने बताया कि गर्मी, दूषित खाने और प्लास्टिक की बोतल में दूध पीने की वजह से बच्चे उल्टी-दस्त की चपेट में आ रहे हैं और डायरिया से पीड़ित हो जा रहे हैं।
-
ऐसे करें बचाव
डॉ. कुमार सिद्धार्थ ने बताया कि गर्मी से बचने के लिए बाहर निकलते समय शरीर को ढककर निकलें। पैदल जाते समय छाता का प्रयोग करें। भरपूर मात्रा में ताजा पानी पीएं, बर्फ पड़ा हुआ कोई भी पेय पदार्थ न पीएं, बासी और दूषित भोजन न करें। बच्चों को गिलास या कटोरी से ही दूध पिलाएं, प्लास्टिक की बोतल का प्रयोग न करें। ज्यादा जरूरी हो तो स्टील की बोतल से दूध पिलाएं और हर बार गर्म खौलते हुए पानी से उसको साफ करें। कटे रखे या गले हुए फल खाने से परहेज करें।