संतकबीरनगर। धनघटा थाना क्षेत्र स्थित खाजो गांव के पास सड़क के किनारे घायलावस्था में दो दिन पूर्व मिले युवती की पहचान हो गई है।
पुलिस ने बताया कि लोहरैया चौकी के खाजो गांव के पास विक्षिप्त अवस्था में मिली युवती की मां लीलावती देवी निवासी ग्राम लाखुन बुजुर्ग थाना सिकरीगंज गोरखपुर ने उसकी पहचान की। एसओ रामकृष्ण मिश्र ने बताया कि मां को व्हाॅट्सएप के माध्यम से जानकारी हुई। 25 मई को गोरखपुर मेडिकल काॅलेज पहुंचकर अपनी लड़की की पहचान की। उसका इलाज पुलिस की देख-रेख में गोरखपुर मेडिकल कालेज में चल रहा था। मां ने बताया कि लड़की दीपिका उम्र करीब 25 वर्ष है।
तीन साल पूर्व उसकी शादी विक्की कन्नौजिया निवासी हरिहरपुर थाना महुली जनपद संतकबीरनगर के साथ हुई थी। ससुराल जाने के बाद से ही उसकी तबीयत काफी खराब हो गई, जिससे शादी टूट गई। तीन साल से वह विक्षिप्त है। पिछले दस दिनों से बहुत ज्यादा बीमार हो गयी थी। बोल भी नहीं पा रही है।