संतकबीरनगर। खलीलाबाद ब्लॉक के गिरधरपुर ग्राम पंचायत के कोटेदार ने दो ग्राम सभाओं का खाद्यान्न में गड़बड़झाला कर करीब 200 क्विंटल खाद्यान डकार लिए। आपूर्ति विभाग की जांच में 98.49 क्विंटल गेहूं, 147.36 क्विंटल चावल कालाबाजारी की पुष्टि हुई। इस मामले में पूर्ति निरीक्षक की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने कोटेदार पर धोखाधड़ी और गबन का केस दर्ज किया है।
पूर्ति निरीक्षक विकास खंड व तहसील खलीलाबाद अभय नारायण लाल ने पुलिस को बताया कि गिरधरपुर ग्राम पंचायत के कोटेदार हीरामन के खिलाफ नियमानुसार राशन न देने को लेकर आईजीआरएस के माध्यम से शिकायत पत्र मिला था। छह मई और 13 मई को मौके पर इसकी जांच के लिए टीम पहुंची, लेकिन जांच के समय विक्रेता अनुपस्थित मिले और दुकान बंद पाई गई। फोन पर संपर्क करने पर मोबाइल बंद मिला, जिसके कारण दुकान का सत्यापन नहीं किया जा सका।
जांच के समय मौके पर छह मई को 19 और 13 मई को 28 कार्डधारकों से पूछताछ कर बयान अंकित दर्ज किया गया। कार्डधारकों ने कोटेदार का व्यवहार ठीक न होने पर्ची मिलने के बाद भी राशन न देने समेत अन्य आरोप लगाए। तमाम कार्डधारकों का अंगूठा लगवाने के बाद भी राशन न देने का मामला भी सामने आया।
राशन का वितरण नियमानुसार न करके वितरण में अनियमितता बरती गई। इसके बाद दुकान का अनुबंध निलंबित करते हुए ग्राम पंचायत गिरधरपुर से संबद्ध कार्डधारकों ग्राम पंचायत गोड़ही के कोटेदार सूर्यनारायण की दुकान से और हीरामन की दुकान से पूर्व से संबद्ध ग्राम पंचायत देलुआखोर से संबद्ध कार्ड धारकों को राजमती देवी कोटेदार ग्राम पंचायत राउतपार की दुकान से संबद्ध कर कोटेदारों को निर्देशित किया गया कि वह निलंबित कोटेदार से ई-पाॅस मशीन और माह मई के सापेक्ष उठान किए गए खाद्यान एवं अवशेष प्राप्त कर कार्ड धारकों में वितरण कराना सुनिश्चित करें। जिसके बाद भी कोटेदार की ओर से ई-पाॅस मशीन और खाद्यान संबंधित कोटेदार को उपलब्ध नहीं कराया गया।
कोतवाल पंकज पांडेय ने बताया कि कोटेदार पर केस दर्ज किया गया है। जांच की जा रही है।