संतकबीरनगर। पुलिस को आईजीआरएस पोर्टल पर जनशिकायतों के निस्तारण पर प्रदेश में संयुक्त रूप से प्रथम रैंक प्राप्त हुई है। एसपी संदीप कुमार मीना ने समस्त एसओ को थाने पर आने वाले शिकायतकर्ता से अच्छा व्यवहार कर गुण-दोष के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई का आदेश दिया है।
एसपी ने बताया कि जनशिकायतों का निस्तारण ऑनलाइन किया जाता है। पोर्टल पर विभिन्न माध्यमों से प्राप्त प्रार्थना पत्र की जांच के लिए जांच अधिकारी मौके पर जाकर निष्पक्ष एवं गुणवत्तापरक कार्रवाई करते हैं। आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के गुणवत्तापरक निस्तारण में इस वर्ष माह जून, जुलाई, अगस्त व सितंबर की मासिक रैकिंग में भी जनपद को प्रथम स्थान प्राप्त हुआ था।
अक्टूबर में जनपद के समस्त थानों को प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त हुआ है। जिन्हें प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। आईजीआरएस पोर्टल पर शासन एवं पुलिस अधिकारियों के स्तर से शिकायत की जांच की निगरानी की जाती है। एसपी ने आगे भी अच्छे परिणाम के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया।