संतकबीरनगर। जनशिकायतों के निस्तारण में माह सितंबर की मासिक रैंकिंग में जिले को प्रदेश में प्रथम रैंक प्राप्त हुआ है। लगातार चौथी बार जिला प्रदेश में अव्वल आया। एसपी संदीप कुमार मीना ने जनपद के समस्त एसओ को थाने पर आने वाले शिकायतकर्ता के साथ अच्छा तालमेल व अच्छे से व्यवहार कर गुण-दोष के आधार पर उभय पक्ष के खिलाफ नियमानुसार विधिक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि जनशिकायतों का निस्तारण ऑनलाइन किया जाता है। पोर्टल पर प्राप्त संदर्भों का एक निश्चित व नियत समयावधि के अन्तर्गत निस्तारण किया जाना अनिवार्य है। पोर्टल पर विभिन्न माध्यमों से प्राप्त शिकायतों की जांच के लिए जांचकर्ता अधिकारी मौके पर जाकर प्रकरण की निष्पक्ष एवं गुणवत्तापरक जांच कर नियमानुसार विधिक कार्रवाई करते हैं। गुणवत्तापरक निस्तारण में वर्ष-2025 में माह जून, जुलाई व अगस्त की मासिक रैंकिंग में भी जनपद को प्रथम स्थान प्राप्त हुआ था।
एसपी ने बताया कि माह सितंबर में थाना कोतवाली खलीलाबाद, दुधारा, महुली, धनघटा, बेलहरकला, एवं महिला थाना को प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त हुआ है। जिन्हें प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। आईजीआरएस पोर्टल पर शासन एवं पुलिस अधिकारियों के स्तर से प्राप्त समस्त संदर्भों का गहराई एवं निष्पक्ष जांच के लिए निरंतर पर्यवेक्षण किया जाता है।
जांच पुष्टिकारक न होने पर आईजीआरएस संदर्भ फिर से जांच के लिए संबंधित अधिकारी को कड़े निर्देश के साथ वापस किया जाता है। निरंतर अच्छे परिणाम के लिए आगे भी अच्छा मेहनत करने के लिए एसपी ने सबको निर्देशित किया।