संतकबीरनगर। जनपद में लोक अदालत की तैयारियों में न्याय विभाग जुटा हुआ है। लोगों को जागरूक किया जा रहा है। जनपद न्यायालय परिसर में 13 दिसंबर को लोक अदालत का आयोजन होना है।
जनपद न्यायाधीश मोहन लाल विश्वकर्मा के निर्देशन में लोक अदालत के नोडल ऑफिसर कृष्ण कुमार पंचम न्यायिक अधिकारियों के साथ लोक अदालत का सकुशल और ज्यादा से ज्यादा मामला निपटारा कराने में जुट गये हैं। आगामी 13 दिसम्बर 2025 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत के तैयारियों के लिए प्रचार प्रसार भी किया जा रहा है। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण के आदेश पर जनपद न्यायाधीश ने समस्त न्यायिक अधिकारियों से निर्देश दिया कि वह अपने-अपने कोर्ट में ज्यादा से ज्यादा वादों एवं मामलों का निस्तारण करवाना सुनिश्चित करें। लोक अदालत में प्रतिभाग करने के लिए ज्यादा से ज्यादा पक्षकारों को नोटिस तामिला करवाया जाए। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव एडीजे-एफटीसी द्वितीय देवेन्द्र नाथ गोस्वामी ने बताया कि राष्ट्रीय लोक अदालत के प्रचार-प्रसार के लिए विभिन्न प्रकार से शिविरों को आयोजन भी किया जा रहा है। समस्त पराविधिक स्वयं सेवकों को पंफलेट एवं स्टीकर के जरिए प्रचार प्रसार करने के लिए लगाया गया है। नोडल ऑफिसर एवं अपर जिला जज कृष्ण कुमार पंचम ने कहा कि राष्ट्रीय लोक अदालत में ज्यादा से ज्यादा मामलों का निस्तारण करें। जिससे कोर्ट में लंबित ज्यादा से ज्यादा प्रकरण का समाधान हो।