मगहर। कोतवाली खलीलाबाद क्षेत्र के नगर पंचायत मगहर स्थित मुहल्ला मोहनलालपुर निवासी कुलदीप मिश्र के डेढ़ माह पुत्र की संदिग्ध हालात में बृहस्पतिवार को मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि नगरीय स्वास्थ्य केंद्र मगहर में एएनएम के बुधवार को लगाए गए टीके की वजह से मौत हुई है। इसको संज्ञान में लेते हुए स्वास्थ्य विभाग ने जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित कुलदीप मिश्र का कहना है कि उसके डेढ़ माह के पुत्र को टीकाकरण के लिए बुधवार को नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र तिवारी टोला पर ले गए। एएनएम ने दो टीके लगाए। टीका लगाने के बाद कहा गया कि बुखार आ सकता है। पैरासीटामोल सिरप पिलाने के लिए दिया था। बुखार चढ़ने पर बच्चे को सिरप पिलाकर सुलाया गया। सुबह बच्चे की सांसें थमी हुई थीं। नाक से ब्लड निकला था। टीका लगने के बाद बेटा सुस्त पड़ गया था। साथ ही उसके शरीर में चकत्ते पड़ गए थे। बताया कि बच्चे के साथ लापरवाही बरती गई है। उसका बेटा हंसता खेलता अस्पताल पर गया था। आगे बताया कि शुक्रवार को जांच में आए स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को शिकायती पत्र देकर संबंधित एएनएम के खिलाफ कार्रवाई करने व एफआईआर दर्ज करने की बात कही है।
0
पीड़ित ने सूचना दी है। शव के पोस्टमार्टम की वीडियोग्राफी कराने की मांग की है। पीड़ित को पत्र जारी कर कहा गया है कि पुलिस को सूचित करते हुए बच्चे का शव निकलवाए जिससे उसका पोस्टमार्टम कराया जा सके। बच्चे की मौत कैसे हुई है? यह तो पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही पता चलेगा। - डॉ. रामानुज कन्नौजिया, सीएमओ