नगर पालिका बोर्ड की बैठक का बहिष्कार करते सभासद
संतकबीरनगर। नगर पालिका परिषद खलीलाबाद के बोर्ड की बैठक मंगलवार को सुबह 11 बजे पालिका अध्यक्ष जगत जायसवाल की अध्यक्षता में शुरू हुई, लेकिन चंद मिनट बाद ही सभासदों ने पालिका प्रशासन पर मनमानी का आरोप लगाते हुए बैठक का बहिष्कार कर दिया। जिससे बैठक स्थगित कर दी गई।
नगर पालिका परिषद खलीलाबाद के विभिन्न मोहल्लों में विकास कार्य सहित अन्य मुद्दों पर मंगलवार को पालिका बोर्ड की बैठक आहूत की गई थी। बैठक की शुरूआत में ही सभासद असलम खान, मुन्ना पांडेय, ऋषि यादव, राजेश वर्मा, वीरेंद्र यादव, भगवती मौर्य, पंकज मिश्रा, अवधेश चौरसिया सहित अन्य सभासदों ने पालिका प्रशासन ने मनमानी का आरोप लगाते हुए बैठक का बहिष्कार कर दिया। सभासदाें का कहना था कि जो प्रस्ताव कार्रवाई रजिस्टर पर दर्ज होना चाहिए, उसे एक सादे कागज पर लिखा जा रहा है। सभासदों के दिए गए प्रस्तावों पर कार्य कराने के बजाय मनमाने ढंग से कार्य कराए जा रहे हैं।
कई सभासदों ने कार्य न कराने का भी आरोप लगाया। सभासदों के बहिष्कार के कारण बोर्ड की बैठक बीच में ही स्थगित कर दी गई। इस दौरान ईओ अवधेश कुमार सहित अन्य लोग मौजूद रहे।