एचआरपीजी कॉलेज के पास पेड़ टहनियो को काटते बिजली कर्मी
संतकबीरनगर। बिजली आपूर्ति में सुधार के लिए विद्युत निगम ने तमाम प्रयास किए, लेकिन लोकल फाल्ट की समस्या से उपभोक्ताओं को राहत नहीं मिल सकी। इस बीच डीएम ने बिजली आपूर्ति के समय में कमी आने पर नाराजगी जताई तो विद्युत निगम अब पेड़ों की डालियों को काटने के जुट गया है।
शहर में बिजली आपूर्ति में सुधार के लिए विद्युत निगम ने जर्जर तारों और पोल को बदलने का कार्य कराया है। इसके साथ ही नए ट्रांसफार्मर लगाने के साथ ही पुराने ट्रांसफार्मरों की क्षमता में वृद्धि की। इसके बाद भी बिजली आपूर्ति में उम्मीद के मुताबिक सुधार नहीं हो सका।
बार-बार ट्रिपिंग की समस्या के साथ ही लोकल फाल्ट बना रहा। इससे उपभोक्ताओं को परेशानी झेलनी पड़ रही है। बिजली में सुधार न होने के पीछे लोकल फाल्ट की समस्या सबसे ज्यादा है।
इसका कारण यह बताया जा रहा है कि पेड़ों की डालियों के पास से गुजरे बिजली के तारों में स्पार्किंग के चलते समस्या आ रही है। इस समस्या के निदान के लिए विद्युत निगम अब पेड़ाें की डालियाें की कटाई करने में जुट गया है, ताकि बिजली आपूर्ति में व्यवधान न आए। उम्मीद है कि इससे लोकल फाल्ट की समस्या से राहत मिल सकती है। विद्युत निगम के एसडीओ केएन शुक्ल ने बताया कि पेड़ों की डालियों के कारण लोकल फाल्ट की समस्या आ रही थी, ऐसे में पेड़ों की डालियां काटकर बिजली आपूर्ति में सुधार का प्रयास किया जा रहा है।