संतकबीरनगर। जनपद मुख्यालय के मीरगंज में रोडवेज बस डिपो का कार्य शुरू कराया गया है। इसमें अब तेजी आ गई है। जहां चहारदीवारी का काम चल रहा है, वहीं परिसर में पांच दुकानें भी बनाई जाएंगी। इसके लिए भी कार्य शुरू करा दिया गया है। इससे परिवहन निगम को अतिरिक्त आय होगी। साथ ही बस डिपो बनने से लोगों को काफी राहत मिलेगी और सफर आसान होगा।
बस्ती-खलीलाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर मीरगंज में बस डिपो और कार्यशाला की शासन ने मंजूरी प्रदान की है। इसके साथ ही इसके लिए 15 करोड़ 80 लाख का बजट उपलब्ध कराया है। बजट मिलने के बाद निर्माण कार्य शुरू हो गया है। वर्तमान में यहां चहारदीवारी बनाने का कार्य चल रहा है। इसके साथ ही परिसर में पांच दुकानों भी बनाई जाएंगी, ताकि लोगों को भटकना न पड़े।
वजह यह है कि आसपास किसी प्रकार की दुकान नहीं है। इसका निर्माण कार्य भी शुरू हो गया है। वैसे जनपद का सृजन 1997 में हुआ, तभी से जनपद मुख्यालय पर बस डिपो की मांग उठती रही है। कई बार जमीन देखी गई, लेकिन किसी कारण से इसे मंजूरी नहीं मिली। बाद में प्रशासन के हस्तक्षेप के बाद मीरगंज में जमीन चिह्नित की गई और प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजा गया, जिसकी मंजूरी मिलने के साथ ही बजट उपलब्ध कराया गया है।
00000000000000000000
अभी मेंहदावल बाईपास पर खुले में करना पड़ रहा बसों का इंतजार
मीरगंज में परिवहन निगम का बस डिपो व कार्यशाला का निर्माण भले ही शुरू हो गया है, लेकिन अभी यात्रियों को मेंहदावल बाईपास के अस्थायी बस स्टॉप सेंटर पर खुले आसमान तले बसों के इंतजार की मजबूरी बनी हुई है। यहां न तो यात्री शेड बना है और न ही बैठने की व्यवस्था है। स्वच्छ पेयजल के लिए लगा वाटर कूलर भी खराब पड़ा है। इसके कारण यात्रियों को काफी दुश्वारियां झेलनी पड़ रही हैं। इस क्षेत्र के निवासी शैलेंद्र कुमार, राकेश चौरसिया आदि ने बताया कि अस्थायी बस स्टॉप पर कोई सुविधा नहीं है। मीरगंज में बस डिपो बनने से उम्मीद जगी है कि इससे लोगों को राहत मिलेगी।
00000000000000000000
मीरगंज में बस डिपो व कार्यशाला की स्वीकृति मिली है। इसके लिए बजट उपलब्ध होने के बाद कार्य कराया जा रहा है। परिसर में पांच दुकानें भी बनाई जानी हैं, इसका कार्य भी शुरू हो गया है। बस डिपो बनने से यात्रियों की परेशानी काफी हद तक दूर हो जाएगी।
-आयुष भटनागर, एआरएम, बस्ती