संविधान दिवस पर आयोजित गोष्ठी में जिला जज । सूचना विभाग
- संविधान दिवस पर आयोजित हुआ कार्यक्रम
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। जनपद न्यायाधीश मोहन लाल विश्वकर्मा के निर्देश पर बुधवार को संविधान दिवस पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की तरफ से कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें प्राधिकरण के सचिव एवं अपर जिला जज देवेंद्र नाथ गोस्वामी ने कहा कि समतामूलक समाज की स्थापना के लिए संविधान बेहद महत्वपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि अनुच्छेद 14 से 18 तक समानता के अधिकार की व्याख्या करता है। यह दिन विधि दिवस के रूप में भी मनाया जाता है। यह दिन हर भारतीय की पहचान और अस्तित्व से जुड़ा हुआ है, क्योंकि इसी दिन हमारे देश का मार्गदर्शन करने वाला संविधान तैयार हुआ था। इसी के अनुसार देश की सभी कानून, सभी अदालतें, संसद, राज विधान सभाएं और सरकारें चलती हैं। लीगल एंड डिफेंस काउंसिल सिस्टम के चीफ अंजय कुमार श्रीवास्तव ने देश के लिए संविधान के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
उन्होंने 13 दिसंबर को आयोजित होने वाली लोक अदालत के बारे में भी लोगों को जागरूक किया। इसके साथ ही टोल फ्री नंबर 15100 तथा सोशल मीडिया एप ''न्याय मार्ग'' डाउनलोड करने पर बल दिया। इस दौरान रमेश कुमार, डॉ. प्रमोद त्रिपाठी आदि मौजूद रहे।