संतकबीरनगर। जिले में एक बार फिर से वायु प्रदूषण का स्तर बढ़ गया है। सड़कों पर उड़ रही धूल और वाहनों से निकलने वाले धुएं से लोगों को का दम फूलने लगा है।
शनिवार को वायु गुणवत्ता सूचकांक 103 दर्ज किया गया जबकि शुक्रवार को एक्यूआई 98 दर्ज किया गया था। शाम होते ही धुंध छानी शुरू हो गई है। हालांकि दिनभर धूप निकली रही।
प्रदूषण का स्तर अब कब ठीक होगा, इसे लेकर भी कुछ नहीं कहा जा सकता है क्योंकि अभी मौसम में किसी भी तरह के बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। सुबह शाम हल्की ठंड है तो दिन में तेज धूप से गर्मी हो रही है।
शनिवार को अधिकतम तापमान 28 डिग्री और न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इधर, जिले की हवा फिर से लगातार प्रदूषित हो गई है। लगातार बढ़ रहे प्रदूषण की वजह से अस्पताल में आंख, नाक व सांस के रोगियों की संख्या में इजाफा हुआ है। शहर से लगाय ग्रामीण क्षेत्रों में उड़ रहे धूल व वाहनों के धुएं से लगातार प्रदूषण का स्तर बढ़ता जा रहा है।
इंडस्ट्रियल एरिया के फैक्टरियों से निकलने वाले धुएं भी लोगों की समस्या बढ़ा रही है।
लोग आंखों में जलन, सांस लेने में दिक्कत आदि समस्याएं लेकर पहुंच रहे हैं। सुबह की सैर करने वाले विजय यादव, रामनाथ, संदीप ने बताया कि तीन दिन पूर्व सुबह के समय टहलते दौरान खांसी आने लगी। जिसकी वजह से गले में खराश सा लगने लगा। दो दिन से सुबह के समय टहलने नहीं निकल रहे हैं।