संतकबीरनगर। कोतवाली खलीलाबाद थाना क्षेत्र के चुरेब गांव स्थित बाग में शनिवार की शाम एक युवक का शव पड़ा मिला। शव मिलने की सूचना के बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
चुरेब निवासी कुछ लोग शाम करीब चार बजे के आसपास बाग में टहल रहे थे। बाग में बांस के झुरमुट के पास एक युवक का शव देखकर सभी सन्न हो गए। शव मिलने की सूचना पर सीओ अजय सिंह, कोतवाल पंकज कुमार पांडेय मौके पर पहुंच गए। मृतक की पहचान खलीलाबाद शहर के कोइरी टोला निवासी सुबाष गुप्ता (35) पुत्र रामबली के रूप में हुई। सीओ अजय सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले में यदि कोई तहरीर मिलती है तो उसकी जांच कर कार्रवाई होगी। संवाद