धूप नहीं निकला लेकिन बदली छाई रही-संवाद
संतकबीरनगर। जिले में शीत लहर के बीच कड़ाके की ठंड ने लोगाें की मुसीबत बढ़ा दी है। लोग ठंड से कांपने पर मजबूर हो गए हैं। दिनभर धूप नहीं निकली और धुंध छाई रही। कोहरे का भी असर दिखा। ऐसे में लोग घरों में ही दुबके रहे। जो लोग रोजमर्रा की जरूरतों के लिए घरों से बाहर आए वह लोग अलाव के सहारे हो गए।
शनिवार को अधिकतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम नौ डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। सुबह ठंड के चलते लोग देर से जगे और घर से बाहर नहीं निकले। सुबह दस बजे तक सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा। दिनभर ठंड के बीच सूर्य के दर्शन नहीं हुए। कड़ाके की ठंड में सुबह दस बजे तक दुकानों के शटर नहीं खुल रहे हैं। शाम के समय भी दुकानें जल्द बंद हो जा रही हैं। व्यापारियों का कारोबार प्रभावित रहा है।
छुट्टी होने के कारण कम लोग बाजार आए। जो लोग आए भी वह लोग जहां अलाव जलता दिखा वहीं ठहर कर खुद को गर्म रखने का प्रयास करते नजर आए। ठंड के चलते मजदूर तबके के लोगों की मुसीबत बढ़ गई है। मजदूरों को काम के लाले पड़ गए हैं। खलीलाबाद के आजाद चौक पर काम की तलाश में आए मनोज कुमार, नंदलाल आदि ने बताया कि ठंड के कारण काम नहीं मिला। खलीलाबाद रेलवे स्टेशन पर अलाव की व्यवस्था अभी तक नहीं है। ऐसे में यात्री ठंड से ठिठुरते रहे। इधर नगर पालिका प्रशासन का दावा है कि ठंड से बचाव के लिए खलीलाबाद शहर में 40 स्थानों पर अलाव की व्यवस्था की गई है, लेकिन यह व्यवस्था नाकाफी साबित हो रही है। शाम होने पर गलन बढ़ गई, जिससे लोग जल्दी ही घर वापस हो गए।
0
अभी चार दिन और मौसम की मार झेलनी पड़ेगी। 30 दिसंबर के बाद बादल छंटने के आसार हैं। इसके बाद लोगों को ठंड से थोड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। ऐसे में लोगों को सतर्कता बरतने की जरूरत है। हालांकि कोहरे से किसानों को फायदा होगा और फसल के विकास में तेजी आएगी। -अमरनाथ मिश्र, मौसम वैज्ञानिक कुमारगंज अयोध्या
0
ठंड को देखते हुए शहर के सार्वजनिक स्थलों पर अलाव की व्यवस्था की गई है। जहां पर और जरूरत होगी, वहां भी अलाव जलवाए जाएंगे। इसके साथ ही रैन बेसरे भी सक्रिय है। जहां ठहरने के लिए पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। -अवधेश कुमार- ईओ नगर पालिका परिषद खलीलाबाद