मड़या में मीट की दुकान कुछ लोगों ने आग लगा दी।
संतकबीरनगर। कोतवाली खलीलाबाद क्षेत्र में मनबढ़ों ने मंगलवार की देर रात कोतवाली खलीलाबाद क्षेत्र में जमकर तांडव मचाया। मनबढ़ों ने पहले एक पान विक्रेता के ऊपर फायरिंग कर दी। फायरिंग के बाद मनबढ़ मड़या स्थित एक मीट विक्रेता की दुकान में आग लगा दी।
इसके बाद नवीन सब्जी मंडी के पास स्थित एक मुर्गे की दुकान के तख्ते पलट दिए। रात में ही तीनों स्थानों पर पहुंचकर पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई की। इस मामले में तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। दो को हिरासत में लेकर पुलिस पूछताछ कर रही है।
कोतवाली खलीलाबाद क्षेत्र के अंसार टोला निवासी नसीरुद्दीन पुत्र गुलाम रसूल ने पुलिस को दी अपनी तहरीर में लिखा है कि उनके दोस्त मोतीनगर निवासी खुर्शीद पुत्र असलम की मुर्गे की दुकान है। नौ माह पहले उनकी दुकान पर मुर्गा खरीदने के लिए प्रेम प्रकाश सिंह व सुधाकर सिंह निवासी ऊनखास, थाना कोतवाली खलीलाबाद आए थे। उस दौरान उन लोगों ने बिना पैसा लिए मुर्गा लेना चाहा तो उसने मुर्गा देने से मना कर दिया।
उस दिन उन लोगों ने असलहा निकालकर हंगामा करने की कोशिश की, लेकिन इसमें सफल नहीं हो सके। इसका बदला लेने की नीयत से उन लोगों ने अपने साथियों प्रेम प्रकाश सिंह और दुर्गेश पाल निवासी परसा झकरिया को मंगलवार की रात में 10 बजे के करीब अंसार टोला स्थित पान की दुकान पर भेजा। वहां पर मैं और मेरा भाई जलालुद्दीन खड़े थे। उन्होंने मुझे व भाई को लक्ष्य करके फायर कर दिया। गोली हम दोनों में से किसी को नहीं लगी। इस मामले में पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई शुरु कर दी है। इस मामले में पुलिस ने अभी तक दो लोगों को हिरासत में लिया है।
मुर्गे की दुकान में लगाई आग, दूसरे को पलटा : गोली चलाने की घटना को अंजाम देने के बाद आरोपित मड़या स्थित मुर्गे की दुकान पर गए। वहां पर उन लोगों ने पेट्रोल डालकर दुकान में आग लगा दिया। इससे उसका सारा सामान और दो दर्जन के करीब मुर्गे जल गए। वहा से आगे जाकर इन लोगों ने नवीन मंडी स्थल के बगल में स्थित मुर्गे की दुकान को पलट दिया था।