संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। मेंहदावल थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती के परिजनों ने बेटी की शादी से मना कर दिया। इसके बाद युवक युवती को बहला-फुसलाकर भगा ले गया। पुलिस ने मां की तहरीर पर इस मामले में पांच आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्जकर कार्रवाई शुरू कर दी है।
एसओ सुरेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि पीड़िता ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसके गांव के मुकेश, चंद्रावती, शैलेश, रामस्वार्थ के घर पर इंद्रजीत निवासी ग्राम शिवपुर करमहवा थाना कैंपियरगंज जनपद गोरखपुर आता जाता था। गांव के एक व्यक्ति से उनके बेटी की शादी करने का दबाव बनाते थे। उन्होंने शादी से मनाकर दिया और बेटी की शादी दूसरी जगह तय कर दी। इसके बाद उक्त लोगों ने बेटी को 19 फरवरी की रात करीब 12:00 बजे बहला-फुसलाकर भगा दिया।
बेटी घर से जेवरात व 85 हजार रुपये लेकर चली गई है। पूछने पर विपक्षियों ने बताया कि उनकी बेटी की शादी करा दी है, और उनको जानमाल की धमकी दी। एसओ ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।