बखिरा। क्षेत्र के कांटा मानसिंह गांव में स्थित निर्माणाधीन काली मंदिर की बाउंड्रीवॉल को कुछ लोगों ने शनिवार की देर रात ढहा दिया। ग्रामीणों को इसकी जानकारी होने पर गांव में तनाव हो गया।
सूचना के बाद पहुंचे ग्रामीण हंगामा करने लगे। प्रशासन और पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर लोगों को समझा-बुझाकर मामला शांत कराया।
दीवार ढहाने के पीछे रास्ते का विवाद होना बताया जा रहा है। पूरे दिन चली कवायद के बाद बखिरा थाना में दोनों पक्षों के बीच सुलह-समझौता हो गया व दीवार का मुआवजा देने को भी राजी हुए। कांटामान सिंह गांव में डीह आबादी में स्थित प्राचीन काली मंदिर का नवनिर्माण कराया गया है। मंदिर की चहारदीवारी का भी मंदिर समिति की ओर से निर्माण कराया जा रहा है।
मंदिर के बगल रहने वाले हीरानंद पाठक व सुग्रीव पाठक के अनुसार दीवाल बन जाने से उनका मार्ग अवरुद्ध हो जाएगा। इसी बात को लेकर उक्त दोनों लोगो के परिवार के सदस्यों ने शनिवार की देर रात करीब 12 बजे निर्मित की गई बाउंड्रीवॉल को ढहा दिया। इसको जानकारी होने पर दर्जनों ग्रामीण मौके पर एकत्रित हो गए। आक्रोशित ग्रामीणों ने विरोध जताना शुरू कर दिया व दीवार गिराने वालों पर कार्रवाई की मांग करने लगे।
सूचना मिलने पर एसओ राकेश सिंह व चौकी इंचार्ज सुरेंद्र कुमार सिंह ने मौके पर पहुंचकर शांति व्यवस्था बनाने की अपील करते हुए लोगो से शांति बनाने की अपील किया। गांव में पुलिस मौके पर तैनात कर दी गई।