महुली क्षेत्र में संदिग्ध हाल में किशोरी की मौत
धनघटा। महुली क्षेत्र के हरसाई गांव में बुधवार को किशोरी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिवार के लोगों ने बताया कि किशोरी ने कमरे में छत की कुंडी के सहारे फंदे से लटककर जान दे दी। हालांकि आत्मघाती कदम उठाने की वजह नहीं बता पाए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
महुली क्षेत्र के हरसाई गांव निवासी 15 वर्षीय अंजू की संदिग्ध परिस्थितयों में मौत हो गई। परिजनों ने बताया घर के अन्य सदस्य खेत में गए हुए थे। वापस लौटे और दरवाजा को धक्का देकर कमरे में दाखिल हुए तो सामने अंजू का शव छत की कुंडी से दुपट्टे के सहारे लटका दिखा। हालांकि घटना की वजह परिवार के लोग नहीं बता पाए।
सूचना पर चौकी प्रभारी काली जगदीशपुर रमजान अली, मोलनापुर चौकी प्रभारी धर्मेंद्र यादव मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। बेटी की मौत पर मां का रो-रो कर बुरा हाल था। इस संबंध में एसओ रणविजय सिंह ने बताया कि किशोरी का शव परिजनों ने पुलिस के पहुंचने से पहले उतार दिया था। मामले की छानबीन हो रही है। मामला संदिग्ध है। किशोरी की मौत का कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद पता चलेगा। उसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।