रोसयाबाजार। धनघटा थाना क्षेत्र के लौकिहा गांव में सोमवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब एक किशोरी का शव घर के छत के कुंडे से दुपट्टे के फंदे से लटका मिला। इसकी जानकारी होते ही परिजन में चीख पुकार मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
लौकिहा गांव निवासी तबारक अली गुजरात में नौकरी करते हैं। घर पर उनके पिता बाबा अजमेर व पत्नी तीन बच्चों के साथ रहती है। सोमवार को दोनों छोटी बहनें स्कूल पढ़ने चली गई थीं। पिता अजमेर खेती के काम से कहीं गए थे। दिन में अजमेर की पत्नी पड़ोस में गई हुई थी। कुछ समय बाद जब वह लौटी तो देखा कि उसकी बेटी शानिया खातून (16) छत के कुंडे से डुपट्टे के सहारे लटक रही है। यह देख उसके होश उड़ गए। उसने शोर मचाया। शोर सुन आसपास के लोग इकट्ठा हो गए।
विज्ञापन
इस बीच सूचना पाकर पुलिस भी पहुंच गई। पुलिस ने शव नीचे उतरवाया। आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। किशोरी ने यह कदम किन परिस्थितियों में उठाया इसका अभी स्पष्ट पता नहीं चल सका है। घटना के बाद गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हैं।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर ही घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। एसओ अजय सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।