खलीलाबाद। कोतवाली क्षेत्र के सियरा साथा गांव में मकान को लेकर हुए विवाद में किशोरी के साथ मारपीट और धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़िता की मां ने कोतवाली में तहरीर देकर प्राथमिक की दर्ज कराई है।
सियरा साथा निवासी ऊषा देवी पत्नी अवधेश कुमार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 15 मई की सुबह करीब आठ बजे उनकी 15 वर्षीय बेटी प्रिया घर में झाड़ू लगा रही थी। आरोप है कि इसी दौरान गांव के बृजेश वहां पहुंचे और गालियां देते हुए झाड़ू लगाने से मना करने लगे। उन्होंने मकान को अपना बताते हुए विरोध किया। जब उनकी बेटी ने विरोध किया तो बृजेश, सविता, सरिता और रामसुंदर ने गाली-गलौज की और लात-घूसों व थप्पड़ से मारपीट की।
कोतवाल जयप्रकाश दूबे ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर उक्त आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।