सांथा/धर्मसिंहवा। क्षेत्र में बृहस्पतिवार हुई बारिश के दौरान बिजली गिरने से एक किशोरी और एक महिला की मौत हो गई। बेलहर और बखिरा थाना क्षेत्र के अलग-अलग गांवों में बृहस्पतिवार को खेत में धान की रोपाई कर रही 17 वर्षीय किशोरी और 60 वर्षीय महिला की बिजली गिरने से मौत हो गई। दोनों घटनाओं के बाद से गांवों में मातम पसर गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी।
पहली घटना बेलहर थाना क्षेत्र के बनौली गांव की है। यहां घनश्याम की 17 वर्षीय पुत्री चांदनी सुबह करीब छह बजे मां यशोदा और भाई विष्णु के साथ कटया गांव के सिवान स्थित खेत में धान की रोपाई करने गई थी। दोपहर करीब एक बजे मौसम अचानक खराब हो गया। इसी दौरान तेज गर्जना के साथ खेत में बिजली गिरी, जिसकी चपेट में आने से चांदनी गंभीर रूप से झुलस गई। परिजन उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लोहरसन लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
दूसरी घटना बखिरा थाना क्षेत्र के प्रतापपुर गांव की है। गांव निवासी बरसाना (60), पत्नी तूफानी, गांव के पश्चिम स्थित अपने खेत में अन्य मजदूरों के साथ धान की रोपाई कर रही थीं। इसी दौरान बिजली गिरने से उनकी मौत हो गई। परिजन उन्हें एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
दोनों घटनाओं की सूचना मिलते ही संबंधित पुलिस और राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची। आवश्यक कार्रवाई के साथ घटनाओं की जानकारी उच्च अधिकारियों को दी गई। हादसों के बाद दोनों गांवों में शोक का माहौल है। ग्रामीणों ने बताया कि बारिश शुरू होने के बावजूद खेतों में रोपाई का कार्य जारी था, तभी अचानक बिजली गिरने से यह दर्दनाक हादसे हो गए।
बिजली की चपेट में आने से दो लोगों की मौत की सूचना मिली है। दोनों परिवारों से संपर्क किया गया है। तहसीलदार को मौके पर भेजकर रिपोर्ट तलब की गई है। नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। -अरुण कुमार, एसडीएम मेंहदावल
पूर्व की घटना से भी नहीं हुईं सतर्क
धर्मसिंहवा। लगभग पांच वर्ष पूर्व बरसाना के घर के पीछे आम के पेड़ पर बिजली गिरी थी। बिजली गिरने के प्रकाश व आवाज से उस दौरान आंख और कान पर काफी असर पड़ा था। उस घटना से बरसाना या उनके परिवार के लोगों ने अगर सीख ली होती तो मौसम बिगड़ने के बाद वह घर आ जातीं और जान बच जाती। एसडीएम अरुण कुमार ने बताया कि प्रशासन द्वारा बिजली गिरने की घटना को लेकर सोशल मीडिया के माध्यम से बार-बार जागरूक किया जाता है। इसके बावजूद भी लोग खुले आसमान में रहकर काम को पूरा करने में लगे रहते हैं, जबकि लोगों को चाहिए कि ऐसे मौसम में मजबूत छत के नीचे जाकर सुरक्षित हो जाएं।