गुस्साए शिक्षकों ने बीएसए और अफसरों का किया घेराव
- फोटो : अमर उजाला
संतकबीरनगर। कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय के अंशकालिक शिक्षकों ने सोमवार को बीएसए, सहायक एवं वित्त लेखाधिकारी और जिला समन्वयक ‘बालिका शिक्षा’ का घेराव किया। अंशकालिक शिक्षकों ने नौ माह से बकाया एरियर के भुगतान की मांग की। इस बावत अपनी मांगों का ज्ञापन अधिकारियों को दिया।
अंशकालिक श्षिक गणेश प्रसाद सिंह, निशा श्रीवास्तव, हेमतला चौधरी, संजू श्रीवास्तव, अखिलेश शुक्ल, गीता सिंह आदि ने कहा कि कस्तूरबा विद्यालय मेें कार्यरत अंशकालिक शिक्षक व शिक्षिकाओं को नौ माह का एरियर देने के लिए राज्य परियोजना कार्यालय ने 20 नवंबर 2017 को 415800 रुपये जारी किया था। बजट प्राप्त हो जाने तथा राज्य परियोजना के द्वारा 22 दिसंबर को अनुस्मारक पत्र जारी होने के बाद भी अभी तक एरियर का भुगतान नहीं किया गया। तीन माह से मानदेय न मिलने तथा एरियर का भुगतान न होने के कारण परिवार के समक्ष विकट आर्थिक समस्या उत्पन्न हो गई है। अंशकालिक शिक्षक अब अपने यात्रा व्यय को भी वहन करने की स्थिति में नहीं हैं। शिक्षकों ने अधिकारियों से बकाया एरियर और मानदेय देने की मांग की। इस दौरान विजय कुमार, देवेंद्र सिंह, प्रदीप कुमार, एस पाल, सुनीता, प्रवीण पाठक समेत अन्य लोग मौजूद रहे।