टैबलेट पाने से वंचित रह गए 54 हजार छात्र-छात्राएं
- सिर्फ स्नातक और परास्नातक के 150 छात्र-छात्राओं को मिला है टैबलेट
- हाईस्कूल व इंटरमीडिएट के 25 टॉपर पा चुके हैं टैबलेट
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। विधानसभा चुनाव की आचार संहिता लागू होते जिले में 54 हजार छात्र-छात्राएं टैबलेट पाने से वंचित हो गए हैं। जिससे इन छात्रों में निराशा है। अब चुनाव बाद सरकार गठन होने पर इन छात्रों को टैबलेट मिल सकेगा।
यूपी सरकार ने हाईस्कूल व इंटर पास टॉपरों के साथ ही स्नातक और परास्नातक में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं को टैबलेट देने की योजना की शुरूआत की थी। जिसके क्रम में दिसंबर माह में लखनऊ में कार्यक्रम आयोजित कर सीएम योगी आदित्यनाथ ने जिले के 150 स्नातक व परास्नातक छात्र-छात्राओं को टैबलेट वितरित किया था। इसके बाद जिला स्तर पर कलेक्ट्रेट में कार्यक्रम आयोजित कर डीएम ने हाईस्कूल व इंटरमीडिएट पास 25 टॉपरों को टैबलेट दिया था। उसके बाद आठ जनवरी को विधानसभा चुनाव की आचार संहिता लागू हो गई। जिसके बाद टैबलेट वितरण का कार्य ठप हो गया। जिले के 54 हजार स्नातक व परास्नातक के छात्र-छात्राएं टैबलेट पाने से वंचित रह गए हैं। टैबलेट न पाने का मलाल छात्रों को है।
स्नातक छात्र रत्नेश सिंह, विजय कुमार, सुनील पांडेय, संजय यादव आदि का कहना है कि उन्हें अभी तक टैबलेट नहीं मिला। जबकि उनका नाम पहले ही जा चुका था। चुनाव आचार संहिता लगने से अब उम्मीद कम ही है। डीआईओएस गिरीश कुमार सिंह का कहना है कि चुनाव आचार संहिता लागू होने के चलते टैबलेट वितरण कार्यक्रम को रोक दिया गया है। मार्च में सरकार गठन के बाद आचार संहिता समाप्त होने के बाद जैसा आदेश ऊपर से आएगा उसी के अनुसार टैबलेट वितरण की कार्रवाई सुनिश्चित कराई जाएगी।