- एनएचआई नए सिरे से डीपीआर तैयार कर शासन को भेजेगा, आसान होगा सफर
नंबर गेम 25 किलोमीटर लंबी है खलीलाबाद-धनघटा मार्ग
नंबर गेम2.5 साल पहले केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राष्ट्रीय राजमार्ग मंत्री ने की थी घोषणा
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। खलीलाबाद-धनघटा मार्ग के चौड़ीकरण के लिए एक बार फिर पहल शुरू हुई है। इसके लिए सर्वे का कार्य शुरू कराया गया है। जल्द ही डीपीआर तैयार कर शासन को भेजा जाएगा। बजट उपलब्ध होते ही सड़क के चौड़ीकरण का कार्य शुरू हो जाएगा। सड़क के चौड़ीकरण से यात्रियों को सहूलियत मिलेगी और सफर आसान हो जाएगा।
करीब ढाई साल पहले खलीलाबाद-धनघटा मार्ग के चौड़ीकरण के लिए प्रस्ताव तैयार किया गया था। इसके लिए सर्वे भी कराया गया लेकिन कार्ययोजना तैयार करने के लिए जो संस्था लगाई गई थी, उसमें तालमेल के अभाव में देरी हो गई और सड़क चौड़ीकरण की योजना अधर में लटक गई। अब एनएचएआई नए सिरे से प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजने की तैयारी में है। इसके लिए सर्वे का कार्य शुरू कराया गया है।
खलीलाबाद से धनघटा तक करीब 25 किलोमीटर लंबी सड़क है। इसके चौड़ीकरण के लिए करीब ढाई साल पहले केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राष्ट्रीय राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने घोषणा की थी। इसके लिए सर्वे भी कराया गया, लेकिन अब तक सड़क के चौड़ीकरण का प्रस्ताव ही बनकर तैयार नहीं हो सका है। कारण यह है कि सड़क के चौड़ीकरण के लिए डीपीआर बनाने वाले कंपनियों के जिम्मेदारों के बीच में आपसी तालमेल नहीं है। हालांकि इसके लिए प्रयास किए गए।
सड़क के चौड़ीकरण न होने से खलीलाबाद से धनघटा आने-जाने में लोगाें को परेशानी झेलनी पड़ती है। इस मार्ग से होकर आंबेडकरनगर, आजमगढ़, सुल्तानपुर, प्रतापगढ़, वाराणसी सहित अन्य जिले की करीब पांच लाख लोगों के लिए जिला मुख्यालय आने का यह प्रमुख मार्ग है। इस मार्ग पर यात्रा करने वाले अशोक कुमार, अवधेश सिंह, रामानुज यादव आदि का कहना है सड़क चौड़ीकरण की घोषणा होने पर उम्मीदें थीं लेकिन यह उम्मीद टूटने लगी है।
खलीलाबाद-धनघटा मार्ग के चौड़ीकरण के लिए नए सिरे से सर्वे कराना शुरू हुआ है। जल्द ही डीपीआर बनाकर शासन को भेज दिया जाएगा, जैसे ही शासन से मंजूरी मिलेगी, सड़क के चौड़ीकरण का कार्य शुरू करा दिया जाएगा। इससे लोगों को आवाजाही में सहूलियत होगी।
- रितेश कुमार, अधिशासी अभियंता, एनएचएआई